झांसी/बरुआसागर। बरुआसागर के स्वर्गाश्रम झरना के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने मोटर साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। बरुआसागर पुलिस के मुताबिक पृथ्वीपुर (मप्र) निवासी कमलेश कुमार (23) कस्बा स्थित एक देवी मंदिर मेें दर्शन करने के लिए गया था। मंदिर मेें दर्शन करने के बाद वह शाम को बाइक से लौट रहा था। जैसे ही स्वर्गाश्रम झरना के पास पहुंचा एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कमलेश सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर एवं हाथ-पांव में गंभीर चोट आ गई। लहूलुहान हाल में वह सड़क पर पड़ा रहा। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई। उसने घायल कमलेश को अस्पताल भिजवाया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमलेश की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों के बीच कोहराम मच गया। रोते-बिलखते हुए परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। देर शाम पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।