झांसी। शुक्रवार की रात थाना प्रेमनगर अंतर्गत बिजौली के पास मैदान में खड़ी एक सवारी गाड़ी में संदिग्ध हालात में आग लग गई। इससे पूरी गाड़ी जल गई। पुलिस ने गाड़ी जलने के मामले में जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
थाना बबीना के किल्चवारा बुजुर्ग गांव निवासी हजुआ सवारी गाड़ी (मैजिक) चलाते हैं। प्रतिदिन की तरह वह शुक्रवार की रात बिजौली के पास दुर्गापुर जाने वाले रास्ते पर मैदान में खड़ी कर घर चले गए। रात करीब एक बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गाड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही बिजौली पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी जल चुकी थी। खबर पाकर गाड़ी मालिक हजुआ भी मौके पर पहुंचे। प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।