झांसी। नगर आयुक्त अवनीश राय ने शुक्रवार को महानगर में कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त से सवाल किया कि जब शहर में कूड़े के ढेर लगे हैं, तो सफाई कहां हो रही है? उन्होंने सभी सफाई निरीक्षकों और हवलदारों को चेतावनी देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में निरीक्षण के दौरान 16 कर्मचारी गायब मिले। जिनका वेतन रोकने और जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने शुक्रवार को इलाइट चौराहे से झोकनबाग, सैंयरगेट, गोविंद चौराहा, मिनर्वा, गंदीगर का टपरा, दतिया गेट, नई बस्ती, आशिक चौराहा, बीकेडी, मिशन कंपाउंड और कच्चा पुल, जर्मनी अस्पताल क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान झोकनबाग के पास कूड़े का ढेर मिला और नालियां भरी पाई गईं। गोविंद चौराहे से अंदर सैंयर गेट तक कूड़ा पड़ा हुआ था। जगह-जगह जलभराव हो रहा था। कूड़े में आग लगी हुई थी। जिला अस्पताल के पास कूड़े का ढेर पाया गया। गंदीगर का टपरा से नरिया बाजार तक काफी गंदगी पाई गई। साथ ही नालियां भरी पड़ी थीं। बाहर दतियागेट सरस्वती शिशु मंदिर के सामने और लक्ष्मी ब्रिगेड स्कूल के बाहर कंटेनर के बाहर कूड़ा पाया गया। जिस पर नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को सभी सफाई निरीक्षकों और हवलदारों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर आयुक्त ने कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। जिसमें पांच लिपिक, चार सेवक और सात आउटसोर्स ऑपरेटर अनुपस्थित पाए गए। जिनसे जवाब तलब कर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जेडएसओ रविचंद्र निरंजन, सफाई निरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री मौजूद रहे।