अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) का कार्यालय पुरानी गल्ला मंडी के पास स्थित किसान बाजार में पहुंच गया है। यहां कामकाज शुरू कर दिया गया है। जबकि, अब तक इसका संचालन अस्थायी तौर पर सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में किया जा रहा था।
नोएडा की तर्ज पर झांसी में औद्योगिक शहर बीडा विकसित किया जा रहा है। बीडा के बोर्ड का गठन हो चुका है और अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है। इसके लिए चिह्नित जमीन लेने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। अब तक इसका कार्यालय हाइडिल कॉलोनी में स्थित सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में संचालित किया जा रहा था। यहां जगह की भारी कमी थी, जिससे कर्मचारियों को कामकाज में असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन, अब किसान बाजार में बीडा का दफ्तर स्थानांतरित कर दिया गया है। बीडा के विशेष कार्याधिकारी डा. लालकृष्ण ने बताया कि नए दफ्तर में कामकाज शुरू कर दिया गया है।
00000000
चार और गांवों में शुरू हुई अंश निर्धारण की प्रक्रिया
झांसी। बीडा के लिए झांसी सदर तहसील के 33 गांवों की 14,225 हेक्टेअर जमीन ली जानी है। जमीन लेने की प्रक्रिया आठ फरवरी को शुरू की गई थी। अब तक ग्राम सारमऊ, अंबावाय, राजापुर, बैदोरा, किल्चवारा खुर्द और ढिकौली की 406 हेक्टेअर जमीन के बैनामे कराए जा चुके हैं। अब ग्राम मठ, डोमागोर, कोट खेरा और परासई में अंश निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके जरिये ग्रामीणों को उनकी जमीन के एवज में दिया जाने वाला मुआवजा निर्धारित किया जा रहा है। सब रजिस्ट्रार सुभाष चंद्र ने बताया कि अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन गांवों की जमीनों के बैनामे किए जाने लगेंगे। ब्यूरो