क्रॉसर - लखनऊ में हुई दूसरी बोर्ड बैठक में बजट स्वीकृत, आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल बनाने के लिए भी बनेगी योजना
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। साढ़े बीस हजार करोड़ से बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) को विकसित किया जाएगा। शुक्रवार को लखनऊ में हुई बीडा की दूसरी बोर्ड बैठक में बजट को स्वीकृति दे दी गई है। यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कूल बनेगा। आधुनिक अस्पताल भी तैयार होगा।
बीडा से झांसी समेत बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने जा रही है। ये रोजगार के नए अवसर तो खोलेगा ही। साथ ही चिकित्सीय, शैक्षणिक सुविधाओं को भी बढ़ाएगा। दूसरी बोर्ड बैठक में इसकी झलक देखने को भी मिल गई। सबसे पहले तो विभिन्न मदों में 20,523 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ। फिर 23 गांवों की 4920 हेक्टेअर भूमि खरीदने के लिए ढाई हजार करोड़ के बजट को स्वीकृति दी गई। बीडा का मास्टर प्लान बना रही सिंगापुर की कंपनी सुरबाना जोरॉन्ग की टीम के साथ भी बैठक हुई। इसमें बीडा क्षेत्र अंतर्गत एक आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्यालय के लिए माइक्रो प्लानिंग करने के निर्देश सिंगापुर की कंपनी और सलाहकार बीडा को दिए गए। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, सीईओ बीडा अमृत त्रिपाठी, नोएडा प्राधिकरण की महाप्रबंधक लीनू अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
प्रतिनियुक्ति के आधार पर भी होगी तैनाती
प्राधिकरण में प्रतिनियुक्ति के आधार पर केंद्र, राज्य सरकार और उपक्रम से प्रशासनिक संवर्ग के लिए एक पद, अभियंत्रण सेवा के लिए 26, वास्तुविद एवं नियोजन के लिए 11, प्रशासन अथवा सामान्य के लिए 10, वित्त एवं लेखा संवर्ग के लिए 23 पद भरने की स्वीकृति दी गई। इसी तरह, उद्यान सेवा के लिए पांच, विधि सेवा के लिए चार, कंप्यूटर के लिए आठ, जन स्वास्थ्य के लिए 10, मिनिस्टि्रयल कैडर के लिए 31, निजी स्टाफ के लिए 18, तकनीकी स्टाफ के लिए 16, भूलेख सेवा के लिए दो, रसायन सेवा के लिए एक, भंडार एवं क्रय सेवा के लिए सात पद भरे जाने की स्वीकृति मिली।