अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की जमीनी हकीकत देखने सीएम के विशेष दूत के तौर पर सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत तीन अफसरों की टीम शुक्रवार को यहां पहुंची। बीडा अफसरों के साथ बैठक कर उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों को परखा। उन्होंने इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
बीडा सभागार में अफसरों ने प्रजेंटेशन के जरिये प्राधिकरण की प्रस्तावित रूपरेखा समझाई। सीईओ अमृत त्रिपाठी ने बताया कि मास्टर प्लान के मुताबिक इसे 136 सेक्टर में बांटा गया है। यहां अंतरराष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करने के लिए अमरीका, जापान एवं कोरिया के शहर मॉडल बनाए गए हैं। इनकी तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। सलाहकार अवनीश अवस्थी ने जुलाई के आखिरी तक मास्टर प्लान तय कर लेने के साथ ही पर्यावरण मंजूरी भी लेने को कहा। किसानों के लंबित भुगतान समेत बैनामे के लिए कैंप लगाने की जरूरत बताई। निर्माण की डीपीआर जून तक पूरा करने को कहा। निर्माण भी जल्द आरंभ करने की बात कही गई। बैठक में सीएम के विशेष सलाहकार केवी राजू, जीएन सिंह के अलावा बीडा के एसीईओ प्रवीण वर्मा, ओएसडी सौम्य मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट
कॉनकोर प्रतिनिधियों ने लिया जायजा
कॉनकोर प्रतिनिधियों ने भी बीडा में इकाई लगाने के लिए यहां पहुंचकर जायजा लिया। कॉनकोर के आने से यहां लॉजिस्टिक क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के लिए रास्ता खुलेगा। बीडा अफसरों का कहना है कि कॉनकोर ने यहां इकाई लगाने को लेकर आश्वस्त किया है।