अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के लिए जमीन की खरीद के लिए 450 करोड़ रुपये और जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही बीडा के द्वितीय चरण के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया ने और तेजी पकड़ ली है।
नोएडा (न्यू ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की तर्ज पर बीडा विकसित किया जा रहा है। यह झांसी सदर तहसील के 33 गांवों की जमीन पर बसाया जा रहा है। इसके लिए पहले चरण में इन गांवों की 14,225 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई थी लेकिन आठ हजार हेक्टेयर जमीन और ली जा रही है। जमीन लेने की प्रक्रिया फरवरी 2024 में शुरू की गई थी और अब तक पांच हेक्टेयर से अधिक जमीन ली जा चुकी है।
जमीन लेने के लिए पहले 1000 करोड़ रुपये की पहली किस्त दी गई थी। इसके बाद दूसरी किस्त में 950 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इन दो किस्तों में मिली धनराशि का ज्यादातर हिस्सा खर्च हो चुका है। इसके चलते अब 450 करोड़ रुपये की एक और किस्त जारी कर दी गई है।
दूसरे चरण की छह गांवों से होगी शुरुआत
बीडा के दूसरे चरण के लिए जमीन लेने की शुरुआत छह गांवों से होगी। पहले ग्राम खैरा, बछौनी, गागौनी, परासई, राजापुर व डगरवाहा में जमीन ली जाएगी। ली जाने वाली जमीनों के गाटा संख्या चिह्नित कर लिए गए हैं। जल्द इनका गजट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद चिह्नित जमीनों की दरें निर्धारित होंगी। इसके बाद, ग्रामीणों से उनकी जमीनों के बैनामे कराए जाने लगेंगे।
00000
बीडा के लिए जमीन लेने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इसके लिए 450 करोड़ रुपये की एक और किस्त मिली है। जमीन के रोजाना बैनामे कराए जा रहे हैं। - वरुण कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)