भारतीयों ने आस्ट्रेलिया से भेजी देश के लिए मेडिकल सामग्री
झांसी। आस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीयों ने कोरोना काल में देश की मदद करने के लिए बड़ी मात्रा में मेडिकल उपकरण भेजे हैं। राहत सामग्री भेजने वालों में ललितपुर की खुशी बुंदेला भी शामिल है, जो वहां मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर भारत में आपदा बनकर टूटी है। ऐसे में अपने देश की मदद के लिए ऐसे तमाम लोग आगे आए हैं, जो विदेशों में रह रहे हैं। आस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीयों ने भी बड़ी मात्रा में मेडिकल उपकरण भारत भेजे हैं। बृहस्पतिवार की रात विमान से आस्ट्रेलिया से 1056 वेंटिलेटर, 60 ऑक्सीजन कंसंट्र्रेटर, पीपीई किट, एक मिलियन सर्जिकल व एन 95 मास्क भारत के लिए रवाना हुआ। ये सामग्री भेजने वालों में ललितपुर के गुड्डू राजा बुंदेला की बेटी खुशी बुंदेला भी शामिल हैं। खुशी आस्ट्रेलिया के मेलबर्न सिटी में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं। खुशी ने बताया कि आस्ट्रेलिया में रहने वाला हर भारतीय नागरिक अपने देश की मदद के लिए आगे आया है।