बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) में भारी उपकरणों के निर्माण से जुड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत अर्थ मूवर्स ने यहां 600 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी औद्योगिक उत्पाद के निर्माण संबंधी इकाई स्थापित करेगी। कंपनी प्रतिनिधियों के अगले सप्ताह यहां आने की उम्मीद है। काॅनकोर के बाद दूसरी बड़ी सार्वजनिक इकाई के यहां आने से बीडा के जल्द आकार लेने का रास्ता साफ होगा।
बीडा के 100 एकड़ क्षेत्रफल को मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क बनाया जाएगा। यहां औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ी इकाइयों को जगह मिलेगी। लॉजिस्टिक्स पार्क को सड़क एवं रेल नेटवर्क से जोड़ते हुए माल परिवहन के लिए सुगम बनाया जाएगा। फ्रेट कॉरिडोर से भी इसे जोड़ने का प्रस्ताव है। परिवहन की रफ्तार तेज करने के लिए बीडा को लिंक एक्सप्रेस वे के जरिये बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से भी जोड़ने का काम कराया जा रहा है। परिवहन चेन मजबूत होने पर लॉजिस्टिक लागत घटने के साथ सप्लाई चेन मजबूत होगी।
बनाएगी भारी उपकरण
बीडा अफसरों का कहना है कि इससे कंपनियों की निर्यात क्षमता में इजाफा होगा। इन संभावनाओं को देखते हुए भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड यहां 600 करोड़ रुपये निवेश करने की तैयारी में है। सार्वजनिक क्षेत्र की यह जानी मानी कंपनी विभिन्न प्रकार के भारी उपकरण बनाती है। अर्थ मूविंग, रेलवे, परिवहन और खनन में उपयोग होने वाले उपकरण मुख्य हैं। बीईएमएल एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थ मूविंग उपकरण बनाने वाली कंपनी है। इसके पहले कॉनकोर समेत कई कंपनियों ने भी यहां जमीन लेने में दिलचस्पी दिखाई है।
56,662 एकड़ जमीन में बीडा का विस्तार
बीडा के विस्तार के लिए कुल 56662 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। यहां के औद्योगिक विकास के लिए सरकार ने इसे औपचारिक रूप से अनुमोदित कर दिया है। अभी 23,590 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होना है। इसकी प्रक्रिया बीडा प्रशासन ने तेज कर दी है। यहां भारी उद्योग, रक्षा उत्पादन, लॉजिस्टिक्स, एमएसएमई और सहायक इकाइयों के लिए एकीकृत औद्योगिक इको सिस्टम विकसित किया जाएगा।
कई अन्य कंपनियों की ओर से भी प्रस्ताव मिले हैं। उनके प्रतिनिधि भी यहां जल्द आएंगे। सड़क, बिजली, जलापूर्ति, औद्योगिक प्लॉट्स, वेयर हाउसिंग और कनेक्टिविटी जैसी आधारभूत संरचनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे निवेशकों को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ का लाभ मिल सके।
संजय खत्री, सीईओ, बीडा
12 को आएंगे कॉनकॉर प्रतिनिधि
भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड (कॉनकॉर) के प्रतिनिधि बीडा का दौरा करने के लिए 12 फरवरी को यहां आएंगे। कॉनकॉर भारत की प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कंटेनर ट्रांसपोर्ट कंपनी है। बीडा अफसरों का कहना है कि कंपनी यहां अपना डिपो बनाना चाहती है। कॉनकॉर से भी मोटे निवेश की उम्मीद की जा रही है।