- प्रदर्शनी एवं व्यापारियों की योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार
- पूंजी निवेश करने वाले उद्यमियों को किया जाएगा सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दानवीर भामाशाह का 29 जून को जन्मदिवस ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। भामाशाह के व्यक्तित्व-कृतित्व पर प्रदर्शनी लगेगी। पूंजी निवेश करने वाले उद्यमी सम्मानित किए जाएंगे।
विकास भवन में बुधवार को हुई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने कहा कि जयंती संबंधी तैयारियां नोडल द्वारा संबंधित विभाग के सहयोग से पूर्ण कर ली जाए। उपायुक्त जीएसटी जितेन्द्र कुमार ने बताया, राणा प्रताप के लक्ष्य को सर्वोपरि मानते हुए भामाशाह ने अपनी संपत्ति अर्पित कर दी, जिससे महाराणा प्रताप ने सैन्य शक्ति संगठित कर मुगल शासकों को पराजित किया और मेवाड़ का राज्य प्राप्त किया। भामाशाह के जन्मदिवस को राज्य सरकार ने ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान उप निदेशक राजकीय संग्रहालय मनोज कुमार गौतम, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी, सीएफओ राजकिशोर राय, अधिशासी अभियंता जल संस्थान संजीव कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।