झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग विभाग के जूनियर छात्र को सीनियर विद्यार्थियों ने मिलकर पीट दिया। मामले की शिकायत मिलने पर कुलपति ने जांच समिति गठित कर दी। शुक्रवार को पीड़ित छात्र के समर्थन में साथी विद्यार्थी धरने पर बैठ गए। इसके बाद बीयू प्रशासन ने तीन छात्रों को हॉस्टल और कक्षाओं से दस दिन के लिए निष्कासित कर दिया है।
होटल मैनेजमेंट विभाग के मुख्य द्वार के बाहर कानपुर रोड पर इलेक्टॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन विभाग के तृतीय वर्ष के छात्रों ने प्रथम वर्ष के एक विद्यार्थी को घेर लिया। उसके साथ गालीगलौज कर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में प्रथम वर्ष के छात्र का सिर फट गया। शरीर के अन्य हिस्सों में भी उसे गंभीर चोटें आईं। सहयोगी विद्यार्थी घायल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। जहां घायल का प्राथमिक उपचार हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने डीएसडब्लू प्रो. देवेश निगम के नेतृत्व में समिति गठित कर दी। इसके बाद शुक्रवार को पीड़ित छात्र के समर्थन में प्रथम वर्ष के विद्यार्थी धरने पर बैठ गए। पीड़ित छात्र द्वारा तीन आरोपियों की पहचान करने पर उन्हें दस दिन के लिए समता छात्रावास और विभाग की कक्षाओं से निष्कासित कर दिया गया।