झांसी के रक्सा इलाके में डीपीएस स्कूल के सामने शनिवार शाम पहाड़ी पर एक युवक की सिरकटी लाश बरामद हुई है। हत्या करने के बाद धारदार हथियार से उसका गला काटकर अलग कर दिया गया। शाम को शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर रक्सा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है बाजाना गांव के पास मिला युवक का यह शव कई दिन पुराना है।
युवक का सिर गायब है। धड़ पर कपड़े नहीं हैं। नीचे उसने जींस की पैंट पहनी है। पैंट में पर्स और कोई कागज नहीं मिला। पुलिस ने आसपास इलाके में छानबीन की लेकिन, सिर का कहीं पता नहीं चल सका। शव के आसपास शराब की बोतलें पड़ी हुई थीं। ऐसे में शराब पीने के बाद, वहीं पर हत्या की आशंका जताई जा रही। आशंका जताई जा रही कि युवक को वहां बुलाकर हत्या की गई लेकिन, जंगल में तलाशी के बाद भी पुलिस को कोई सबूत नहीं मिला। आलाकत्ल भी बरामद नहीं हुआ। रक्सा थाना प्रभारी जितेंद्र तक्कर के मुताबिक शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।