झांसी। ट्रेनों के वातानुकूलित (एसी) कोचों में सफर के दौरान अब आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसलेशन) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी पूरा बेडरोल उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को कड़े निर्देश जारी करते हुए आदेश दिए हैं कि प्रत्येक एसी श्रेणी (एसी चेयर कार को छोड़कर) में आरएसी यात्री को अन्य नियमित यात्रियों की तरह चादर, कंबल और लिनेन सहित संपूर्ण बेडरोल किट दी जाए।
गौरतलब है कि एसी कोच में आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री अन्य यात्रियों की तर्ज पर ही पूरा किराया चुकाते हैं, इसके बावजूद उन्हें आरएसी के नाम पर पूरी सीट (बर्थ) नहीं मिलती है। हालांकि, पहले जहां कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को सीट के अनुसार बेडरोल उपलब्ध कराया जाता था, वहीं आरएसी सीट पर यह सुविधा नहीं दी जाती थी। इस संबंध में रेलवे द्वारा पूर्व में भी 16 नवंबर 2016, 12 दिसंबर 2017 और 18 दिसंबर 2023 को बेडरोल उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए थे।
लेकिन जागरूकता के अभाव और मंडल से लेकर जोनल स्तर पर स्पष्ट निर्देश न जारी किए जाने के कारण अभी भी कई जगह आरएसी सीट पर सफर करने वाले यात्रियों को बेडरोल नहीं मिल पा रहा था। इसके चलते विभिन्न माध्यमों से बेडरोल न मिलने या अधूरा बेडरोल दिए जाने की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं।
इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड ने गत चार अगस्त को सभी जोनल रेलवे को उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एसी चेयर कार को छोड़कर अन्य सभी एसी श्रेणियों में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को कोच के अन्य वास्तविक यात्रियों के समान ही पूरी बेडरोल किट मुहैया कराई जाए। रेलवे बोर्ड के इस फैसले से लाखों आरएसी यात्रियों को यात्रा के दौरान बड़ी राहत मिलेगी और बेडरोल संबंधी शिकायतों में कमी आएगी।
एसी कोच में आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को संपूर्ण बेडरोल की सुविधा दिए जाने के स्पष्ट निर्देश हैं। हाल ही में रेलवे बोर्ड ने इन आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में झांसी मंडल की ट्रेनों में भी कोच अटेंडेंटों को इस संबंध में सख्त हिदायत जारी कर दी गई है।
— मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी रेल मंडल