झांसी। सोमवार 15 अप्रैल को उत्तर प्रदेश राज्य संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 34 केंद्रों पर होगी, जिसमें 17291 परीक्षार्थी शामिल होंगे। रविवार को परीक्षा से पूर्व बरेली विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक डॉ. एसके तोमर तथा प्रो. सुरेश कुमार ने नोडल समन्वयक प्रो. सुनील काबिया के साथ परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा संचालन के लिए नियुक्त स्थानीय पर्यवेक्षकों ने भी भ्रमण किया।
नोडल समन्वयक प्रो. काबिया ने बताया कि नोडल केंद्र बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर दो-दो स्थानीय पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है। प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से पांच बजे तक होगी। साथ ही परीक्षार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर तीस मिनट पूर्व पहुंचें।
ओएमआर शीट भरते समय रहें सावधान
- परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट पर सभी प्रविष्टियां सिर्फ और सिर्फ काले बॉल प्वाइंट पेन से ही की जानी हैं।
- ओएमआर उत्तर पत्रक में उत्तर हेतु गोले सावधानीपूर्वक भरें, क्योंकि एक बार गलत उत्तर अंकित कर देने पर परिवर्तन या सुधार का कोई प्रावधान नही है।
- कक्ष निरीक्षक द्वारा परीक्षार्र्थी को मात्र ओएमआर पत्रक की तीसरी कॉपी ही दी जाएगी।
- प्रश्न पुस्तिका तथा प्रथम दो ओएमआर पत्रक कक्ष निरीक्षक द्वारा जमा करा लिए जाएंगे।
- सभी परीक्षार्थी अपने अपने प्रवेश पत्र आयोजक विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर लें।
- प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रवेशपत्र की एक कॉपी जिस पर वही फोटो लगा हो, जिसे परीक्षार्थी ने आवेदन पत्र भरते समय अपलोड किया था। उसे चिपका कर परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में ही कक्ष निरीक्षक को जमा करना होगा।
अनुचित सामग्री ले जाना वर्जित
- राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में परीक्षार्थी को परीक्षा भवन के अंदर प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का मोबाइल, इलेक्ट्रानिक गैजट, बैग अथवा किसी भी प्रकार का अन्य सामान लें जाना पूर्णतया प्रतिबंधित है।
- उपरोक्त सामान साथ लाने पर सामान लेकर आते हैं तो अपने रिस्क पर रखना होगा।
- अंदर किसी प्रकार के उपकरण या अनुचित सामग्री पाए जाने पर अनुचित साधन प्रयोग की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
केेंद्र संख्या 47023 के परीक्षार्थी रखें ध्यान
डॉ. काबिया ने बताया कि एक केंद्र में त्रुटि हुई है। इसलिए परीक्षार्थी सावधानी बरत कर सही केंद्र पर पहुंचें। केेंद्र संख्या 47023 महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, शिवपुरी रोड पर आवंटित अनुक्रमांक 47023001 से 47023500 तक के अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र पर केंद्र का पता त्रुटिवश महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मन्दिर इन्टर कालेज, बडागांव गेट बाहर मुद्रित हो गया है। उन्होंने उक्त अनुक्रमांक के अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपने सही परीक्षा केंद्र महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, शिवपुरी रोडपर ही पहुंचें। सही परीक्षा केंद्र के संबंध में आयोजक विश्वविद्यालय द्वारा सभी अभ्यर्थियों को एसएमएस द्वारा भी सूचित किया जा चुका है।