बीयू द्वारा कराई गई इस परीक्षा में 1 लाख 93 हजार ने लिया था हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा रविवार को आयोजित की गई संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच सोमवार से शुरू कर दी गई। इसके लिए नामित की गई एजेंसी ने यहां डेरा डाल लिया है। विश्वविद्यालय की 30 जून से पहले परिणाम जारी करने की तैयारी है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से रविवार को संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा प्रदेश के 51 जिलों में बनाए गए 470 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। जिसमें पंजीकृत 2.23 लाख अभ्यर्थियों में से 1.93 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अब विश्वविद्यालय की 30 जून के पहले परिणाम जारी करने की योजना है। इसके लिए सोमवार को उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के लिए बीयू की ओर से नामित की गई एजेंसी की टीम ने यहां डेरा डाल लिया है। अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की स्कैनिंग शुरू कर दी गई है। बुंदेलखंड विवि के कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 30 जून से पहले परिणाम जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि पिछले साल भी बीयू की ओर से प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा 15 जून को हुई थी और परिणाम 30 जून को जारी कर दिया गया था। तब अभ्यर्थियों की संख्या 4.72 लाख थी और परीक्षा का आयोजन 1108 केंद्रों पर किया गया था। जबकि, इस बार पिछले साल के मुकाबले आधे से भी कम अभ्यर्थी शामिल हुए हैं, ऐसे में परिणाम भी पिछले साल के मुकाबले कम अवधि में आने की संभावना जताई जा रही है।