- तीनों बाइक से लौट रहे थे गांव, हादसे के बाद ट्रक समेत चालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार देर-रात रिश्तेदारी से लौटते समय एक बाइक पर सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस तीनों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके दोनों दोस्तों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। पुलिस उसे तलाश रही है।
गुरसराय के नारायणपुरा गांव निवासी अमित कुशवाहा (21) पुत्र मंगल कुशवाहा मिठाई की दुकान पर काम करता था। रविवार को उसका दोस्त अमित अहिरवार अपनी रिश्तेदारी में उसे टहरौली ले गया था। साथ में एक और दोस्त सहदेव अहिरवार भी था। तीनों एक बाइक से रवाना हुए। टहरौली में कुछ घंटे गुजारने के बाद रात करीब 9:30 बजे बाइक से तीनों घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लोग बघैरा के पास पहुंचे सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर जा गिरे।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस तीनों घायलों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां डॉक्टरों ने अमित कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया जबकि अमित अहिरवार और सहदेव को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। अमित दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता की मौत हो चुकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।