फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएड प्रवेश परीक्षा : बिहार के सॉल्वर गैंग ने लगाई सेंध, संदिग्ध पाए गए 35 परीक्षा फार्म

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो



झांसी। रविवार को हुई प्रदेशस्तरीय बीएड प्रवेश परीक्षा में बिहार में सक्रिय सॉल्वर गैंग ने सेंध लगा दी। अयोध्या और बलिया के केंद्रों से दूसरों की जगह परीक्षा देते सॉल्वर पकड़े गए। दोनों बिहार के जिला सुपौल के रहने वाले हैं। बलिया में पहली पाली में बैठने वाली छात्रा दूसरी पाली में नहीं आई। प्रारंभिक छानबीन में 35 परीक्षा फार्म ऐसे सामने आए, जिनमें एक ही फोटो के साथ अलग-अलग नाम से फार्म भरे गए। इनके सॉल्वर गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इसकी छानबीन की जा रही है।



बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में सॉल्वर भेजने वाले कई गैंग सक्रिय हैं। समस्तीपुर, सुपौल, आरा में सक्रिय सॉल्वर गिरोह का कई दफा एसटीएफ भंडाफोड़ कर चुकी है, लेकिन गिरोह अभी भी सक्रिय है। पिछले साल बीएड प्रवेश परीक्षा में भी सॉल्वर गिरोह ने सेंध लगाई थी। उस दौरान प्रयागराज, आजमगढ़ से तीन सॉल्वर पकड़े गए थे। ये गिरोह खास तौर से प्रयागराज में सक्रिय हैं। वहां से बुलाए जाते हैं। परीक्षा में बैठने की एवज में 50 हजार से एक लाख तक वसूले जाते हैं।
विज्ञापन


इनको परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से रोकने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) तकनीकी का सहारा लिया, लेकिन शातिर सॉल्वर गैंग ने इसमें सेंध लगाते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर जा पहुंचे। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रारंभिक छानबीन में 35 परीक्षा फार्म ऐसे सामने आए, जिन्होंने एक ही फोटो के साथ अलग- अलग फार्म भरे थे। हैरानी की बात यह कि इनके नाम-पते बिहार के सुपौल, समस्तीपुर जैसे जनपदों के हैं। इनके भी सॉल्वर गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ कि इनमें से कितने परीक्षा में शामिल हुए। अयोध्या में पकड़े गए साल्वर से पुलिस पूछताछ कर रही है। इनके पास से बरामद हुए मोबाइल फोन भी खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, बीयू प्रशासन ने सेंधमारी से इन्कार किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि फार्म में जो फोटो लगे हैं, उनसे मिलान करने के बाद ही आवेदक को केंद्र में प्रवेश दिया गया।



12000 कैमरों से की गई निगरानी



नोडल केंद्र बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की निगरानी के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर 12000 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। उपस्थिति दर्ज करने के लिए 3600 बायोमेट्रिक मशीनों को भी लगाया गया था।
विज्ञापन


वर्जन



जहां भी सॉल्वर पकड़े गए हैं, वहां से रिपोर्ट मांगी गई है। कौशाम्बी के परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल के मामले में बीयू प्रतिनिधि से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - विनय कुमार सिंह, कुलसचिव, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें