झांसी। सोमवार को भी बारिश न होने से लोग गर्मी व उमस से बेहाल रहे। इस दौरान बिजली भी खूब झटके देती रही, इससे लोगों को पल-पल गुजारना भारी बना रहा।
मौसम विभाग ने 26, 27 व 28 जून को अच्छी बारिश की संभावना जताई थी। 26 जून को कुछ देर के लिए बादल बरसे, मगर कुछ देर में ही शांत हो गए। जबकि, तेज हवाओं व बिजली चमकने से लग रहा था कि मूसलाधार बारिश होने वाली है। सोमवार को झमाझम बारिश की उम्मीद थी, लेकिन बारिश ने इस ओर रुख ही नहीं किया। सुबह से ही धूप खिल गई। चढ़ते सूरत के साथ उमस व गर्मी बढ़ती गई।
शाम होने तक लोगों को पल-पल गुजारना भारी बना रहा। लोग पसीने से तरबतर होते रहे। रात में भी उमस से लोग घर के बाहर व छतों पर टहलते रहे, परंतु गर्मी से वहां भी उनको राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत निकलने से भी लोगों में निराशा है।
मालूम हो कि, इक्कीस जून की सुबह हुई बारिश ने प्री मानसून की दस्तक दे दी थी। लग रहा था कि बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने झमाझम बारिश की उम्मीद जताई थी। मगर, कुदरत का खेल किसी की समझ नहीं आ रहा है।