बुंदेलखंड विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत खेले गए मैचों में बिपिन बिहारी कॉलेज झांसी, अग्रसेन मऊरानीपुर और डीबीसी उरई ने शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में यूनिवर्सिटी से संबद्ध 18 कॉलेजों ने हिस्सा लिया है।
बिपिन बिहारी कॉलेज (बीबीसी) और पं. जेएन कॉलेज बांदा के बीच खेला गया प्रतियोगिता का प्रथम मैच बेहद रोमांचक रहा। बीबीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पंद्रह ओवर में सात विकेट खोकर 103 रन बनाए। सत्यम ने 28 और आशीष ने 22 रनों का योगदान दिया। पं. जेएन बांदा की ओर से फैजान ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांदा की टीम 102 रन पर सिमट गई, जिसमें अभय ने 35 रन बनाए, जबकि बीबीसी की ओर से रवि यादव ने तीन विकेट लिए। यह मैच बीबीसी ने एक रन से जीत लिया। वहीं, सीताराम कॉलेज बांदा के साथ खेले गए दूसरे मैच में अग्रसेन मऊरानीपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अशोक के 24 रनों की बदौलत छह विकेट के नुकसान पर 143 रन का स्कोर खड़ा किया। बांदा की ओर से अभिषेक ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांदा की टीम पुष्यम (55) के अर्द्धशतक के बावजूद निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी। अग्रसेन मऊरानीपुर ने यह मैच 48 रनों से जीत लिया।
वहीं, डीबीसी उरई के साथ खेले गए तीसरे मैच में बीएनवी राठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। संजय ने 31 रनों का सहयोग दिया, जबकि उरई की ओर से रवि सोलंकी ने तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। बाद में लक्ष्य का पीछा करते उतरी डीबीसी उरई की टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत 12 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पूर्व बीयू के क्रीड़ा मैदान में हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. सुनील काबिया ने किया। यूपी अंडर-19 टीम के चयनकर्ता अरविंद कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सूरजपाल सिंह ने सभी का आभार जताया। जबकि, चयनकर्ता शैलेंद्र सिंह सेंगर, पर्यवेक्षक सत्येंद्र सक्सेना, डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर, डॉ. शमीम अंसारी, राजीव बबेले, अनिल झरबड़े, आरके मिश्रा, जितेंद्र चौधरी, फहीम बेग, बद्री प्रसाद, परवेज खान, संजय साहू, यादवेंद्र, चेतन, जितेंद्र दीक्षित मौजूद रहे।