संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। नगर की जलापूर्ति व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। बीते सप्ताह लगातार चार दिनों तक नलों में पानी नहीं आया था। लोगों के प्रदर्शन के बाद जलापूर्ति में सुधार हुआ था। अब एक बार फिर दो दिनों से पानी नहीं आ रहा है। पानी के इंतजाम के लिए लोगों को यहां-वहां भटकना पड़ रहा है।
बरुआसागर के बस स्टैंड क्षेत्र, निगोनाखेड़ा, कटरा, मिलान, आंशिक मातवाना, परिवारन खिरक, लाले की टोरिया, नई बस्ती, जैन मंदिर रोड, बाजार आदि मोहल्लों में पिछले सप्ताह लगातार चार दिनों तक नलों से पानी की आपूर्ति नहीं हुई थी। इससे गुस्साए इलाके के लोगों ने जल संस्थान के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था। तब जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रदीप सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर जलापूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद नलों में पानी आने लगा था। लेकिन, अब एक बार फिर संकट खड़ा हो गया है। बुधवार को जलापूर्ति ठप रही और इसके बाद बृहस्पतिवार को भी नलों में पानी नहीं आया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से लेकर शाम तक लोग पानी के इंतजाम में यहां-वहां भटकते नजर आते हैं।
इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि तकनीकी खामी की वजह से जलापूर्ति बाधित हुई थी। जल्द आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।