मंगलवार की शाम शहर में हुई झमाझम बारिश का जादू शहरवासियों पर जमकर चला। तापमान कम होने से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। उत्साहित लोग बारिश में भीगे, सैर-सपाटा किया और सुहाने मौसम का आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह अच्छी बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में और कमी आएगी।
पिछले दो महीने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। तापमान 47 डिग्री के आंकड़े तक को पार कर गया था। सूखे जैसे हालात पैदा हो गए थे। इससे कई इलाकों में गंभीर जल संकट खड़ा हो गया था। परेशान लोग पंद्रह जून के बाद से ही बारिश की ओर टिकटिकी लगाए हुए थे। बादल आते थे, छाते थे और उमड़-घुमड़ कर चले जाते थे। बारिश बूंदाबांदी तक ही सिमट कर रह जाती थी। इससे लोगों का हाल बेहाल था। लेकिन, मंगलवार गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत लेकर आया। सुबह से धूप खिली रही और उमस भरी गर्मी रही। दोपहर से बादलों की आवाजाही शुरू हुई। तकरीबन चार बजे मौसम का मिजाज एकदम बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और हवा चलने लगी। इसके साथ ही, बूंदाबांदी शुरू हो गई। पौने पांच बजे से तेज बारिश शुरू हो गई, जो लगभग एक घंटे तक चली। शहर के सभी इलाकों में झमाझम बरसात हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मानसून की पहली बारिश का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। खासतौर पर बच्चे खुश नजर आए। घर की छतों और गलियों में बच्चे बारिश में नहाते नजर आए। रात में मौसम सुहाना होने पर लोगों ने सैर सपाटे का मजा लिया। इस दौरान चाट-पकौड़े की दुकानों पर भी खूब भीड़ उमड़ी। तेज बारिश से पारे का ग्राफ लुढ़क कर नीचे आ गया। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार को 38 और 29 डिग्री सेल्सियस था। मौसम के इस मिजाज से लोगों को उमस से छुटकारा मिला। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को 41.2 मिलीमीटर बारिश हुई। रविवार तक रोजाना बारिश की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।