झांसी के थाना रक्सा क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी एक युवक के घर में बेटा पैदा होने की खुशी में शनिवार रात एक कार्यक्रम कराया। इसमें रात भर बार बालाओं ने डांस किया। कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ीं।
रविवार सुबह वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। जांच के बाद वीडियो रक्सा का निकला। देर शाम पुलिस ने कार्यक्रम आयोजक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना रक्सा क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी रवींद्र यादव के परिवार में दस दिन पहले बेटा हुआ था। इसकी खुशी में शनिवार की रात एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में गांव के लोगों को न्योता देकर बुलाया गया। खाने-पीने के दौर के साथ बार बालाएं भी डांस करने पहुंचीं। इनको देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रात भर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए कार्यक्रम चलता रहा। इसी बीच लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया।
रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने फेसबुक पर वीडियो बनाकर अपलोड कर दिया। वीडियो अपलोड होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। जांच करने पर वीडियो रक्सा के राजापुर गांव का निकला। रक्सा थानाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने बताया कि जांच में वीडियो सही पाए जाने पर थाने के एसआई दिनेश तोमर की तहरीर पर रवींद्र यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।