झांसी। दतिया में जबरदस्त कोरोना विस्फोट हुआ है। बैंक ऑफ इंडिया के 10 कर्मचारी एक साथ पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। झांसी में कोरोना वायरस का कहर देखने को मिला है। रविवार को वायरस से संक्रमित एक और युवक की मौत हो गई है। इसके साथ ही झांसी में मरने वालों का आंकड़ा सात पहुंच गया है। वहीं, नौ और नए लोगों के वायरस की चपेट में आने से मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। दतिया में पीतांबरा पीठ के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के कुछ कर्मचारियों को खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण दिखाई दिए थे। इस पर असिस्टेंट मैनेजर ने एलडीएम सुनील श्रीवास्तव को फोन कर जानकारी दी थी। एलडीएम ने बताया कि उन्होंने जिला अस्पताल के सीएमएस को यह बात बताई और एसडीएम, तहसीलदार के साथ बैं पहुंचकर ब्रांच बंद कराई। छह कर्मचारियों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया, जबकि सात को होम क्वारंटीन कर दिया गया। सभी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे। सोमवार को जांच रिपोर्ट आई तो हड़कंप मच गया। बैंक के 13 कर्मचारियों में से 10 कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। सभी कोरोना पॉजिटिव कर्मचारियों को जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। अब दतिया में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 21 पहुंच गई है। इसके अलावा झांसी में कोरोना वायरस से सोमवार को पूंछ के युवक की मौत हो गई है। वह मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। वहीं, सोमवार को झांसी में कोरोना संक्रमण के कुल नौ मामले सामने आए। ये सभी तालपुरा, पन्नालाल का हाता, मऊरानीपुर, पूंछ और कटेरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसके साथ ही झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 61 हो गई है। जबकि, वायरस से मरने वालों का आंकड़ा सात तक पहुंच गया है। दतिया में बैंक ऑफ इंडिया के 13 में से 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कुछ दिन पहले सरकारी योजनाओं की सहायता राशि निकालने के लिए लाभार्थियों की काफी भीड़ बैंक में उमड़ी थी। आशंका है कि कोई लाभार्थी कोरोना संक्रमित हो और उससे अन्य लोग पॉजिटिव हो गए हों। मामला स्पष्ट होने में दो-तीन दिन का समय लग सकता है। - डॉ. एसएन उदयपुरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दतिया।