झांसी। स्टेट बैंक के एसोसिएट बैंक्स की कार्यप्रणाली से नाराज बैंक कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इस कारण शुक्रवार को आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल के कारण करीब सौ करोड़ रुपये का लेनदेन शुक्रवार को नहीं हो सका। शनिवार को सेकेंड शटरडे के कारण व रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे।
ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर देश भर के बैंक कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। उन्होंने नारेबाजी कर निजी बैंकों की शाखाओं को भी बंद कराया। स्टेट बैंक आफ इंडिया के कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं रहे।
बैंक कर्मचारी चित्रा-इलाइट मार्ग से वाहन रैली के माध्यम से इलाहाबाद बैंक चौराहे, खंडेरावगेट, आंतिया ताल होते हुए बीकेडी चौराहे पहुंचे। यहां से ग्वालियर रोड स्थित इलाहाबाद बैंक पहुंचे जहां जिलाध्यक्ष अशोक कुमार महावर की अध्यक्षता में सभा हुई।
यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के सचिव आरपी गुप्ता ने बताया कि स्टेट बैंक के एसोसिएट बैंकों के प्रबंधन के तानाशाहीपूर्ण रवैये, सीवीएस (पथ उन्नयन योजना) स्वीकार करने हेतु दबाव बनाने व ब्लैकमेलिंग करने के विरोध में देश व्यापी हड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि एसोसिएट बैंक्स में कर्मचारी हितों पर हो रहे कुठाराघात को नहीं रोका गया तो इस समस्या का सामना अन्य बैंकों के कर्मचारियों को भी करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं होता है तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।