झांसी। अपर सत्र न्यायाधीश आदित्य चतुर्वेदी की अदालत ने दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। इन आरोपियों ने पुलिस टीमों पर तमंचों से गोली चलाई थी। उन पर हत्या और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज किए गए थे।
दतिया निवासी प्रद्युम्न कुशवाहा ने 12 अगस्त को भोजला मंडी के कारोबारी प्रशांत गुप्ता को गोली मारी थी। लूट के इरादे से की गई इस वारदात में प्रशांत गुप्ता की मौत हो गई थी। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया। 18 अगस्त को पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने गई, तब उसने गोली चलाई थी। आरोपी के अधिवक्ता ने उसे निर्दोष बताया। एडीजीसी ने तर्क दिया कि प्रद्युम्न आदतन अपराधी है। न्यायालय ने इन तर्कों के आधार पर उसकी जमानत अर्जी निरस्त कर दी।
दूसरे आरोपी को भी नहीं मिली राहत
उल्दन थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने वाले सलीम शाह को भी जमानत नहीं मिली। सलीम शाह सिहारी दाउदपुर, जिला जालौन का निवासी है। उसके अधिवक्ता ने भी उसे निर्दोष बताया था। एडीजीसी ने अदालत को बताया कि सलीम हत्या समेत अन्य अपराधों में नामजद है। पुलिस उसे पकड़ने गई थी, तब उसने तमंचे से फायर किया था। पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी थी। न्यायालय ने इन तथ्यों के आधार पर उसकी भी जमानत अर्जी खारिज कर दी।