बिजौली में चल रहे बाउंड्रीवाल के निर्माण के दौरान पड़ी घटिया ईंटें।
झांसी। बिजौली कान्हा गोशाला में बनाई जा रही बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में घटिया ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। इसकी शिकायत निगम अफसरों से की गई। इस पर जांच शुरू हो गई है।
हाल ही में नगर निगम ने महानगर में कई स्थानों पर अपनी जमीनों की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू कराया था। आरोप है कि वर्तमान में बिजौली में कान्हा गोशाला में बन रही 1520 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में घटिया क्वालिटी की ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। यहां पुरानी और अधपकी ईंटों को लगाकर बाउंड्री बनाई जा रही है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घटिया सामग्री का प्रयोग करने पर एक बार बाउंड्रीवाल गिराई जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। मामले में नगर आयुक्त और निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई है।
सड़क समेत अन्य निर्माण कार्यों पर उठ चुके हैं सवाल
पहले भी पार्षद निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा चुके हैं। पार्षद उमेश जोशी का कहना है कि हमारे वार्ड में ही कई सड़कें कुछ दिनों में उखड़ गईं। निर्माण विभाग के अधिकारी काम चलने के दौरान साइट पर जाते ही नहीं हैं और ठेकेदार मनमानी करते हैं। पार्षद महेश गौतम ने भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं। इसे लेकर शिकायत की जाएगी।
बिजौली में गोशाला की बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत मिली है। मामले में अपर नगर आयुक्त और पशु चिकित्सा अधिकारी को जांच के लिए मौके पर भेजा था। जांच रिपोर्ट जल्द मिल जाएगी। जिसके आधार पर वसूली की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य बेहतर गुणवत्ता से कराया जाएगा। अवनीश राय, नगर आयुक्त