संवाद न्यूज एजेंसी
पाली (ललितपुर)। पाली खेल एवं मेला महोत्सव में रविवार को अंतरराज्यीय दंगल और महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दंगल में बबीना के पहलवान कौशल ने मुरैना के रिषभ तोमर को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। कबड्डी के फाइनल में विदिशा की टीम ने बरुआसागर को हराकर ट्राफी जीत ली।
पाली खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन तालबेहट नगर पंचायत अध्यक्ष पुनीत सिंह परिहार, सभासद दीपक गोस्वामी और अमित पांडेय ने किया। महिला और पुरुष वर्ग में आठ-आठ पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रेफरी की भूमिका चंद्र प्रकाश राय और संतोष कुमार ने निभाई, जबकि कमेंट्री पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर ने की। मुख्य अतिथि अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान की।
इधर, महिला कबड्डी टूर्नामेंट के फाइनल में विदिशा की टीम ने बरुआसागर को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। रोमांचक फाइनल से पूर्व आयोजक व नगर पंचायत अध्यक्ष के चेयरमैन मनीष कुमार तिवारी, सभासद मनोज चौरसिया और पूर्व जिला मंत्री नरेंद्र ताम्रकार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) का पुरस्कार दिव्या को प्रदान किया गया। रेफरी की भूमिका देवेंद्र राठौर और अरविंद सिंह राजपूत ने निभाई। कमेंट्री पुष्पेंद्र ठाकुर ने की। चेयरमैन पं. मनीष कुमार तिवारी ने कहा कि खेल में एक की जीत होती तो दूसरे की हार। हारने वाली टीम निराश न हो, प्रयास करे तो उसे आगे सफलता जरूर मिलेगी।
00000000
मेले में बढ़ने लगीं दुकानें : मैदान पर चल रहे खेल व मेला महोत्सव में स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें खानपान से लेकर जरूरत की चीजें उपलब्ध हैं। नगर के अलावा आसपास के गांवों के लोग भी मेले में आकर खरीदारी कर रहे हैं।