बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार सुबह की पाली में 751 परीक्षा केंद्रों की ओर से भेजी गई सूचना के मुताबिक कुल 344546 अभ्यार्थियों में से 305265 अभ्यर्थी शामिल हुए।
बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को प्रदेश के 69 जनपदों के 751 केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा में 89 फीसदी छात्रों ने हिस्सा लिया। कुछ जगहों पर गड़बड़ी की शिकायत भी सामने आई। अयोध्या स्थित एक परीक्षा केंद्र में छोटे भाई की जगह परीक्षा देते हुए बड़ा भाई पकड़ा गया। वहीं, बलिया में एक महिला अपनी रिश्तेदार की जगह परीक्षा देकर चलती बनी। परीक्षा के बाद छानबीन में यह मामला पकड़ा गया। दोनों ही मामलों की सूचना पुलिस को भी दी गई है। हालांकि इसके अलावा अन्य किसी गड़बड़ी की सूचना अभी तक नहीं मिली है।
विज्ञापन
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार सुबह की पाली में 751 परीक्षा केंद्रों की ओर से भेजी गई सूचना के मुताबिक कुल 344546 अभ्यार्थियों में से 305265 अभ्यर्थी शामिल हुए। कौशांबी स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल कॉलेज के कमरा नंबर 15 में गड़बड़ी की आशंका पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बने कंट्रोल रूम से ऑब्जर्वर डॉ .धीरेंद्र शर्मा को वहां भेजा गया। डॉ. धीरेंद्र के पहुंचने पर इस कमरे में परीक्षार्थी बेहद करीब-करीब बैठे पाए गए। इस पर ऑब्जर्वर ने कार्रवाई करते हुए कक्ष निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। इसके अतिरिक्त प्रथम पाली की परीक्षा सभी केंद्रों में सकुशल तरीके से पूरी हुई।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। झांसी में बीयू कैंपस में बने सात केंद्रों पर 3476 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इसमें झांसी, ललितपुर के अलावा आसपास के जिलों के परीक्षार्थी शामिल होने पहुंचे हैं। इस दौरान सुरक्षा के भी चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। बीयू स्थित परीक्षा केंद्र के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी भी पुलिस फोर्स के साथ गश्त करती रही।