झांसी। एबीवीपी के राष्ट्रीय विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख श्रीहरि बोरिकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा छात्रों के स्वाभिमान की प्रतीक है। परीक्षाओं से तपकर ही छात्र समाज उपयोगी बनता है।
उन्होंने कहा कि कोरोना संकट ने शिक्षा क्षेत्र को सर्वाधिक प्रभावित किया है। विशेषकर उच्च शिक्षा क्षेत्र के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को, जो शैक्षणिक संस्थानों से सामाजिक प्रयोगशाला में प्रवेश कर रहे हैं। हो सकता है कि आज छात्रों को प्रमोटेड होने में कुछ राहत दिखती हो लेकिन इसका दाग हमेशा के लिए लगना कहीं से भी श्रेयकर नहीं है। आगे हो सकता है, ऐसे छात्रों को उपेक्षा का शिकार होना पड़े। पूर्वी क्षेत्रीय संगठन मंत्री रमेश ने कोरोना काल में कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली। बताया कि 14, 15 सितंबर को वृहद ऑनलाइन और नि:शुल्क सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अरुण त्रिपाठी, अजय यादव, अंजू गुप्ता, प्रांत सहमंत्री वेद श्रीवास्तव, मनेंद्र गौर, कौशल त्रिपाठी, आशुतोष मिश्रा, जयवर्धन सिंह, अमृत राज सिंह पटेल मौजूद रहे।