झांसी। अमर उजाला के नारी गरिमा के साझा संकल्प ‘अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत सोमवार को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन सीपरी बाजार में हुआ, जिसमें चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया। कहा कि निरोगी काया के लिए संतुलित आहार जरूरी है। इस दौरान सभी ने नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।
सीपरी बाजार स्थित परिवार प्लाजा में लायंस क्लब युवराज के सहयोग से आयोजित शिविर में आने वाले मरीजों के दांत, मसूड़ों और दंत चिकित्सा से जुड़ी समस्याओं व डायबिटीज की जांच की गई। शिविर में 153 रोगियों की जांच की गई। डॉ. अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि यह ऐसी बीमारी है जो एक बार होने पर आजीवन रहती है। इसके कारण अन्य बीमारियां शरीर में पनपने लगती हैं। इसके लक्षण ज्यादा प्यास लगना, आंखों की रोशनी कम होना, कोई भी चोट या जख्म देरी से भरना, हाथों, पैरों और गुप्तांगों पर खुजली वाले जख्म, बार-बार फोड़े फुंसी होना, चक्कर और चिड़चिड़ापन हैं। इससे बचाव के लिए रोजाना पैदल चलें, कम कैलोरी वाला भोजन खाएं, ताजे फल का सेवन करें तथा पर्याप्त नींद लें।
वहीं, दंत रोग के बारे में डॉ. गौरव बजाज ने बताया कि दांतों की समस्या एक ऐसी समस्या जो किसी को भी हो सकती है। इसकी मुख्य वजह दांतों की ठीक ढंग से साफ-सफाई न होना है। इसके कारण उनमें सूजन और सड़न की समस्या पैदा हो जाती है। इसका इलाज तत्काल कराने की सलाह दी गई तथा पान, तंबाकू से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यातायात निरीक्षक आरके सिंह रहे। इस मौके पर व्यापारी नेता संजय पटवारी, परमजीत सिंह, डॉ. पारुल शर्मा, राजीव बब्बर, एचपी वर्मा, नवीन गुप्त, अर्चना शर्मा, रजनी गुप्ता, उर्मिला पटैरिया, अपर्णा द्विवेदी, सुरजीत भुसारी मौजूद रहे। अध्यक्षता माला मल्होत्रा ने की। संचालन दीपांशु डे और आभार राजेश साहू ने व्यक्त किया।