चर्च की जमीन पर कब्जे की कोशिश, शिलान्यास पट उखाड़ा
झांसी। शुक्रवार को ईसाई समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र अपर जिलाधिकारी को सौंपा, जिसके जरिये चर्च की जमीन पर कब्जे की कोशिश की शिकायत की। उन्होंने जमीन पर लगा शिलान्यास पट उखाड़ने का आरोप लगाया। प्रशासन से पुलिस की उपस्थिति में दुबारा शिलान्यास पट लगवाने की मांग की।
शिकायती पत्र में बताया कि क्रिश्चियन इंटर कालेज परिसर में ईसाई समुदाय की भूमि है। इस भूमि पर 1990 में बिशप रेव्ह दीनदयाल द्वारा चर्च का शिलान्यास किया था। इस पर शिलान्यास पट भी लगाया गया था लेकिन, विगत 27 जुलाई को कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जे की नियत से उक्त शिलान्यास पट को उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही आसपास की भूमि को खोदकर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इससे ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। प्रतिनिधिमंडल ने शिलान्यास पट को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पुलिस - प्रशासन की मौजूदगी में दुबारा से उक्त भूमि पर शिलान्यास पट स्थापित कराने की मांग की। इस मौके पर संजय फेरो, मुकुल सिंह, ब्रू शेंटरशन, मून नोक्स, प्रदीप पॉल, रेव्ह राजेंद्र सिंह, रेव्ह राकेश गिल, रेव्ह कौशलेंद्र सोलोमन, रेव्ह मलिक, राजू क्रोजर आदि मौजूद रहे।