झांसी। नवाबाद थानांतर्गत कमल रेजीडेंसी के पार्क में टहलते समय एक युवक ने सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक के पास से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने पत्नी के चाचा व पिता द्वारा धमकाने का उल्लेख किया है।
नवाबाद थाना प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि रेजीडेंसी निवासी हरीश (26) पुत्र महेश यादव ने करीब दो वर्ष पूर्व प्रज्ञा ठाकुर निवासी सागर मध्यप्रदेश के साथ कोर्ट मैरिज की थी। करीब डेढ़ वर्ष तक दोनों खुशी खुशी साथ रहे। इसके बाद उनके बीच मतभेद उभरने लगे जिसके चलते प्रज्ञा मायके चली गई। कुछ दिन पूर्व वह प्रज्ञा को लेने के लिए सागर गया मगर उसने आने से इनकार कर दिया। इसको लेकर वह काफी तनाव में चल रहा था।
सोमवार को उसने प्रज्ञा से फोन से बात की। कुछ देर बाद घर से टहलते हुए पार्क में आ गया। पार्क में टहलने के दौरान उसने तमंचा निकालकर अपने सीने में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर रेजीडेंसी के लोग मौके पर पहुंचे। वह घायलावस्था में उसे लेकर मेडिकल कालेज आए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान हरीश के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है ‘ प्रज्ञा तुम्हारे चाचा पापा आए दिन धमकी देते हैं, जिससे परेशान होकर आत्महत्या कर रहा हूं।’