घटनास्थल पर पड़ा खून हंसारी में मर्डर वाली खबर में फोटो 2
झांसी। शनिवार की शाम प्रेमनगर थाना इलाके के हंसारी में झांसी - ललितपुर राजमार्ग से सटी अंडे की दुकान पर भीड़भाड़ के बीच एक व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इससे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने भागते हुए हत्यारोपी को दबोच लिया। घटना की पड़ताल जारी है।
हंसारी निवासी ढबोले साहू का पुत्र गोपाल साहू (50) शनिवार की शाम तकरीबन साढ़े सात बजे हंसारी में सड़क से सटी एक दुकान पर अंडे खा रहा था। इलाके का रहने वाला जितेंद्र सिंह परिहार भी दुकान पर पहुंचकर अंडे खाने लगा। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्साए जितेंद्र ने दुकान पर रखे चाकू को उठाकर गोपाल के पेट पर हमला कर दिया जिससे मौके पर ही गोपाल की मौत हो गई। घटना से आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आने से पहले हमलावर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोपाल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भागते समय आरोपी को पकड़ लिया। इधर, फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि किसी बात पर कहासुनी होने पर ये घटना हुई है। मृतक अकेले हंसारी में रहता था। जबकि, उसका पूरा परिवार झांसी मेें रहता है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।