यूपी 100 टीम का मारपीट का वीडियो वायरल
झांसी। थाना बरुआसागर इलाके में मारपीट की सूचना पर यूपी 100 की टीम ने एक आरोपी के साथ मारपीट कर उसे कार में बैठा लिया। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर अफसरों ने मामले की जांच पूरी होने तक तीनों पुलिस कर्मियों को यूपी 100 के कार्यालय से संबद्ध कर दिया। इसके साथ आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है।
बृहस्पतिवार को थाना बरुआसागर के जुगयाना मोहल्ला निवासी श्रीराम ने यूपी 100 पर सूचना दी कि एक व्यक्ति शराब पीकर गालीगलौज व मारपीट कर रहा है। सूचना पाकर यूपी 100 में तैनात कमांडर मान सिंह, सब कमांडर देव प्रकाश व चालक देवेंद्र सिंह ने पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। अधिक शराब पीने के कारण वह पुलिस के काबू में नहीं आ रहा था। इस कारण पुलिस को मारपीट कर उसे जबरन गाड़ी में बैठाना पड़ा। इसी बीच मारपीट का एक व्यक्ति ने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। वीडियो अधिकारियों तक पहुंचा, जहां एसएसपी डॉॅ. ओपी सिंह ने जांच के आदेश दिए। जांच पूरी होने तक तीनों पुलिसकर्मियों को झांसी स्थित यूपी 100 के कार्यालय संबद्ध कर दिया है। पुलिस ने श्रीराम की तहरीर पर सूरज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।