मौसम में बदलाव के कारण त्वचा और वायरल रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। दीपावली की धूमधाम के बाद पिछले दो दिनों से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। मरीजों को अपनी बारी के लिए दो से तीन घंटे इंतजार करना पड़ा।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. डीएस गुप्ता ने बताया कि बदलते मौसम से त्वचा में सूखापन आने से लोगों को खुजली हो रही है। ज्यादा खुजलाने पर त्वचा से पानी निकलने लगता है। इससे त्वचा पर दाने होने लगते हैं। इसके अलावा वायरल फैलने से जुकाम, खांसी और बुखार भी लोगों को चपेट में ले रहा है। सोमवार को फिजीशियन ओपीडी में 250 और मंगलवार को 252 मरीज आए। जबकि, औसतन 200-220 मरीज ओपीडी में आते हैं। त्वचा रोग की ओपीडी में सोमवार को 358 और मंगलवार को 380 मरीज आए।
जबकि, औसतन 275-300 मरीज आते हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. नूतन अग्रवाल ने भी बताया कि इन दिनों वायरल बहुत फैला हुआ है। ओपीडी में भी डेढ़ गुने मरीज दिखाने आ रहे हैं। वायरल पीड़ित मरीज से लोगों को दूरी बनाकर रखनी चाहिए। उसकी इस्तेमाल की गई वस्तुओं जैसे रुमाल, तौलिया आदि को भी नहीं छूना चाहिए। नहीं तो दूसरों को भी वायरल शिकार बना सकता है। मेडिकल कॉलेज से मिले आंकड़ों के मुताबिक त्वचा रोग की ओपीडी में जहां औसतन 225 मरीज आते थे, सोमवार को 435 और मंगलवार को 264 मरीजों ने दिखाया। मेडिसिन ओपीडी में औसत 225 मरीजों में सोमवार को 259, मंगलवार को 365 मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल
ओपीडी-सर्जरी
औसत मरीज-200, सोमवार आए - 350 ,मंगलवार आए - 325। ओपीडी - दंत रोग, औसत मरीज - 100, सोमवार आए - 237, मंगलवार आए - 160। ओपीडी - हड्डी रोग, औसत मरीज - 200, सोमवार आए - 287, मंगलवार आए - 264। ओपीडी - ईएनटी, औसत मरीज - 100, सोमवार आए - 234, मंगलवार आए - 205। ओपीडी - नेत्र रोग, औसत मरीज - 300, सोमवार आए - 460 ,मंगलवार आए - 459।
मेडिकल कॉलेज
ओपीडी - ईएनटी, औसत मरीज - 100, सोमवार आए - 155, मंगलवार आए - 136। ओपीडी - अस्थि रोग, औसत मरीज - 110, सोमवार आए - 155, मंगलवार आए - 193। ओपीडी - गायनिक, औसत मरीज - 60, सोमवार आए - 123, मंगलवार आए - 134। ओपीडी - नेत्र, औसत मरीज - 100 , सोमवार आए - 134, मंगलवार आए - 149।
वायरल से ऐसे बचें
- ज्यादा ठंडा व धूप से आकर तुरंत पानी न पिएं, एसी कमरे से तुरंत धूप में न निकलें, जलभराव से वायरल पीड़ित दूरी बनाएं, हाथ मिलाने के बजाएं नमस्ते करें, मच्छरों से बचाव करें।