झांसी। रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही 14 स्टेशनों पर एटीएम लगवाने जा रहा है। इसके लिए टेंडर निकालकर बैंकों को आमंत्रित किया गया है। इच्छुक बैंकों को रेलवे एटीएम लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराएगा।
अभी मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर इक्का दुक्का ही एटीएम लगी हैं। इन मशीनों के खराब होने की स्थिति में यात्रियों को नकदी निकालने का कोई दूसरा विकल्प स्टेशन के पास नहीं मिलता है। दूसरा, ज्यादा संख्या में न होने के कारण नकदी निकालने के लिए कतार भी लगी रहती है। इन्हीं सभी समस्याओं को दूर करने के लिए रेल प्रशासन झांसी, ग्वालियर, उरई, महोबा, मुरैना, बेलाताल, खजुराहो, चित्रकूट धाम कर्वी, कुलपहाड़, बांदा, हरपालपुर व ललितपुर स्टेशन पर जल्द ही एटीएम लगवाने जा रहा है। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एटीएम लगाने के लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं। इच्छुक बैंक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।