झांसी। शुक्रवार को महानगर में हनुमान जयंती श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में विराजमान अंजली केसरी नंदन हनुमान लला की प्रतिमाओं का अनुपम श्रृंगार किया और ब्रह्म मुहूर्त में शंख, घंटा, घड़ियाल की मंगल ध्वनियों के मध्य महा आरती की। इस दौरान मंदिरों में हनुमान जी के दर्शनों के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वहीं, श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर भजन कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण किया। इस दौरान हनुमान जी के समक्ष भक्तों ने नशा मुक्त जीवन जीने का भी संकल्प लिया।
बाहर बड़ागांव गेट स्थित श्री परूआ हनुमान मंदिर में अखंड रामायण पाठ के समापन पश्चात परूआ हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया और जन्मोत्सव की महाआरती की गई। इस अवसर पर अविनाश मिश्रा, मोहित मिश्रा, अंकित पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं बड़ागांव गेट स्थित हनुमान मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में हनुमान जी का महा अभिषेक कर जन्म आरती की गई। इस अवसर पर कालीचरण जारौलिया, डॉ. एलके पालीवाल आदि मौजूद रहे।
इधर, शहर पसरट वाली गली स्थित श्री रघुनाथ जी महाराज मंदिर में श्रद्धालुओं ने बडे़ एवं छोटे हनुमान जी का श्रृंगार किया। कारगिल पार्क स्थित श्री सिद्ध गुफा वाले पाताली हनुमान मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में महा अभिषेक पश्चात जन्म आरती की गई। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने जमकर आतिशबाजी की। इस अवसर पर ज्ञानवती यादव, एमएलसी रमा निरंजन, संजीव श्रृंगीऋषि, लल्लन महाराज आदि मौजूद रहे। वहीं, मंशा पूर्ण हनुमान आश्रम खैलार में हनुमान जी की झांकी निकाली गई।
तत्पश्चात जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र प्रताप सिंह ब्रजमोहन साहू, दिनेश प्रताप सिंह, जय प्रकाश नारायण द्विवेदी आदि ने महाआरती की। इधर, श्री ढिलवारी हनुमान मंदिर घास मंडी में भक्ति संगीत
कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर अनुराग तिवारी, अशोक खरे, आनंदी राम, नीरज शर्मा, शरद शर्मा आदि मौजूद रहे। इलाइट चौराहा पर श्री हनुमान भक्त मंडल के अध्यक्ष जगमोहन राय, अजय विदुआ, चंदन यादव, करन सिंह आदि ने प्रसाद वितरण किया। वहीं, चिन्मय मिशन के तत्वावधान में स्थानीय होटल में हनुमान जयंती पर भजन कार्यक्रम हुए। इस अवसर पर आचार्या गार्गी चैतन्य, एचसी गुप्ता, एसआर गुप्ता आदि मौजूद रहे।
उधर, श्री हनुमान जयंती पर श्री सालासर बालाजी महाराज भक्त मंडल के तत्वावधान में रानी महल के सामने श्री सालासर बालाजी दरबार का पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान भजन गायक प्रमोद व रजनी ने मधुर भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महापौर किरन वर्मा, एमएलसी रमा निरंजन, नगर विधायक रवि शर्मा, कार्यक ारी अध्यक्ष अंकुर दीक्षित, वैद्य वीरेंद्र दीक्षित, महामंत्री अरुण द्विवेदी, कुलदीप खरे आदि मौजूद रहे।
शोभा यात्रा निकाली
नगर में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। नगर भ्रमण को विशाल शोभा यात्रा निकाली गई।
हनुमान जयंती के अवसर पर गणेश मंदिर पर श्रद्धालुओं द्वारा झांकियां सजाई गई। गणेश मंदिर पर शाम को जिला पंचायत सदस्य भारत सिंह यादव ने हनुमान जी की आरती उतारकर शोभायात्रा आरंभ कराई। शोभायात्रा गणेश मंदिर से होकर हाट बाजार, राय मुहल्ला, कपड़ा मार्केट, मुख्य तिराहा, स्टेशन रोड, कबाडी बाजार होते हुए गणेश मंदिर पर ही समाप्त की गई।
इस दौरान शर्बत वितरित किया गया। यात्रा में चंद्र प्रकाश राय, महेश सोनी, रघुवीर राय, श्रीप्रकाश दुवे, आदि मौजूद रहे। वहीं, हंसारी में शुक्रवार को हनुमान जयंती के अवसर पर खेरापति मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रांगण से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में रथ व घोडे़ शामिल रहे। नगर में भ्रमण के दौरान यात्रा का मुख्य रुप से सुशील साहू, ओमी रावत, नरेश ग्वाला, बब्लू पार्षद व ज्ञान सिंह आदि ने भव्य स्वागत किया।
अंजनी पुत्र का किया श्रृंगार
रक्सा। शुक्रवार को हनुमान जयंती के अवसर पर मडीला सरकार मंदिर में माता अंजनी के पुत्र हनुमान का श्रृंगार किया गया।
मडीला सरकार मंदिर में चल रहे श्री राम महायज्ञ के दूसरे दिन याज्ञाचार्य रामेश्वरदास शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चाण कर देवी-देवताओं का आह्वान कर आहुतियां दिलाईं। वहीं, कथावाचक श्यामसुंदर पराशर ने संगीतमय कथा का रसपान कराया। इस अवसर पर अशोक कुमार मिश्रा ने पं. रमेशचंद्र शास्त्री से भगवान का अभिषेक कराया। इस मौके पर नीलू गुप्ता, बनमाली शरण गुप्ता आदि उपस्थित रहे।