समथर। गर्मी शुरू होते ही नगर में पेयजल व्यवस्था चरमराने लगी है। पेयजल की सुविधा को लगाए गए हैंडपंप खराब हैं। बार बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों की ओर से खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
तापमान का पारा लगातार चढ़ रहा है और लोगों को पानी आवश्यकता होती है। नगर में कई हैंडपंप खराब पड़े है जिनमें धर्मशाला के पास लगा हैंडपंप, परशुराम श्रीवास मोहल्ला टुटगड़ा एवं सब्जी मंडी आदि जगहों के हैंडपंप खराब पड़े हैं। लेकिन जिम्मेदारों की ओर से इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि खराब हैंडपंप लोगों की प्यास बुझाने के लिए नाकाम साबित हो रहे हैं। कई बार इसकी सूचना जिम्मेदारों को दी गई लेकिन आज तक हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई गई।
जलकल विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रदीप सिंह ने बताया कि हैंडपंप की मरम्मत प्रतिदिन कराई जाती है जो भी हैंडपंप खराब होने की शिकायत आती है उसे तत्काल संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्यवाही की जाती है। ताकि लोगों को सुचारू रूप से जलापूर्ति हो सके ।