अरविंद हत्याकांड मामले में पकड़े गये आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
अरविंद यादव हत्याकांड के हत्यारोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने षडयंत्र रचने के आरोप में हत्यारोपी पूर्व ग्राम प्रधान रिंकू यादव के पुत्र राजा यादव, दो महिलाओं समेत चार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इन सबको वारदात का पता था। वारदात के बाद आरोपी घर में ताला बंद करके भाग निकले थे। आरोपियों का सुराग लगाकर उनको गिरफ्तार किया गया। भोजला निवासी अरविंद यादव की 8 अगस्त को दिन दहाड़े पत्नी संगीता के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पूर्व ग्राम प्रधान रिंकू यादव समेत अनिल, मिथुन, अजीत, कुल्लू, राहुल, कैलाश, अमित, संजय एवं सुरेश के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। 11 सितंबर को पुलिस ने मिथुन, अजीत एवं सुरेश को पकड़ लिया जबकि मुख्य आरोपी अब तक पुलिस के हाथ नहीं आ सके। दबाव बनाने के लिए पुलिस तीन दिन पहले गांव में जेसीबी लेकर भी पहुंची। सोमवार को पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान के पुत्र राजा समेत मिथुन की पत्नी रजनी, कुल्लू की पत्नी रेखा, राममिलन के पुत्र इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया हालांकि इंद्रजीत की मां ने उसे नाबालिग बताते हुए गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाया। मां ने शिकायती पत्र भी भेजा है।
उधर, मुख्य हत्यारोपी रिंकू यादव अभी पुलिस के हाथ नहीं आ सका। पुलिस उसकी तलाश में मध्य प्रदेश समेत आसपास के जिलों में सुराग लगा रही है। तीन हत्यारोपियों के हत्थे चढ़ने से पुलिस को अब जल्द अन्य आरोपियों के हाथ आ जाने की उम्मीद है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।