झांसी। शुक्रवार को ललितपुर से खजुराहो के बीच पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ। ऐसे में पैसेंजर में यात्रा करने वाले 60 यात्रियों से एक्सप्रेस का किराया वसूल किया गया। यानी यात्रियों ने न्यूनतम 30 रुपये किराया अदा किया। एमएसटी धारकों को सफर करने की अनुमति नहीं मिली।
देश में 22 मार्च को लॉकडाउन लगने के बाद से ही ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। करीब एक साल बाद रेलवे बोर्ड से आदेश मिलने के बाद मंडल में ललितपुर से खजुराहो के बीच पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ। पहले दिन करीब 60 यात्रियों ने यात्रा की। ऐसे में सभी को न्यूनतम 30 रुपये किराया देना पड़ा। जबकि, पहले पैसेंजर ट्रेन में न्यूनतम किराया 10 रुपये था। ललितपुर से खजुराहो के बीच बिरारी, उदयपुरा, टीकमगढ़, खरकनपुर, खरगापुर, ईसानगर और खजुराहो के बीच यात्रियों ने यात्रा की।
ऐसे में यात्रियों को कम दूरी के स्टेशनों के लिए ऑटो व बस से भी ज्यादा किराया अदा करना पड़ा। दूसरी ओर रेलवे ने नियमित यात्रियों और वरिष्ठ नागारिकों को भी कोई राहत नहीं दी है। रुटीन की सभी ट्रेनें चलने तक एमएसटी पर भी रोक है। सिस्टम में भी नया किराया फीड कर दिया गया है। सामाजिक दूरी का पालन कराने के बाद ही टिकट वितरित किए गए।
कितना बढ़ा किराया, ऐसे समझें
यदि किसी यात्री को 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो स्टेशनों के बीच यात्रा करनी है तो अब तक उसका किराया 10 रुपये का था तो अब 30 रुपये हो गया है। हालांकि, इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले पर बोझ कम पड़ेगा। उदाहरण के लिए यदि किसी को 150 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो स्टेशनों के बीच यात्रा करना है तो यहां 10 प्रतिशत ही किराया बढ़ेगा।