साफ नहीं हो सकी सुसाइड करने की वजह
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सदर बाजार स्थित तोपखाना बैरक में बृहस्पतिवार रात सेना के जवान ने फंदे से लटककर जान दे दी। जवान को फंदे से लटका देख सेना के अफसरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उसके सुसाइड की वजह मालूम नहीं चल सकी। पुलिस एवं फोरेंसिक टीम छानबीन में जुटी है।
मूल रूप से बरेली के थाना बरादरी के जगतपुर निवासी नायक हिमांशु शर्मा (25) पुत्र आरआर शर्मा थाना सदर बाजार स्थित तोपखाना में एएससी सप्लाई डिपो में तैनात थे। वह अविवाहित थे। पिछले साल ही उनकी यहां तैनाती हुई थी। तोपखाना स्थित बैरक में वह रहते थे। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी। शुक्रवार सुबह उनके पिता समेत अन्य परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। सदर बाजार थाना प्रभारी सरिता मिश्रा के मुताबिक उनके सुसाइड की वजह साफ नहीं हुई। उनके पास से तीन मोबाइल फोन मिले हैं। फोरेंसिक टीम भी छानबीन कर रही है।