संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। झांसी समेत प्रयागराज, मिर्जापुर, बनारस आदि शहरों के 66 लोगों के साथ डेबिट कार्ड के जरिये ठगी करने वाला जालसाज पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी चकमा देकर भाग निकला। उसके पास से 66 अलग-अलग डेबिट कार्ड बरामद हुए। यह देख पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। उनके पास से 1.45 लाख रुपये बरामद हुए। धोखाधड़ी में वह पहले भी कई दफा जेल जा चुका है।
एसपी (देहात) गोपीनाथ सोनी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात टीकमगढ़ निवासी साबिर शाह ने डेबिट कार्ड बदलने वाले एक जालसाज के बारे में मऊरानीपुर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने लक्ष्मण प्रसाद पेट्रोल पंप के पास से प्रयागराज के कऊवा (करछना थाना) निवासी रवि पांडेय को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी प्रयागराज के गनेशीपुर (थाना हंडिया) गांव का आशीष यादव भाग निकला।
रवि के पास 66 डेबिट कार्ड मिले। ये सभी कार्ड इस्तेमाल में थे। रवि ने साबिर से खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए चालाकी से उसका डेबिट कार्ड बदल दिया और उससे रुपये निकाल लिए। यह पैसा भी उसके पास से बरामद हुआ। उसने पुलिस को बताया कि एटीएम बूथ से वह किसी न किसी बहाने लोगों के डेबिट कार्ड गायब कर देता था। कई दफा खुद को बैंक अधिकारी बताकर कार्ड बदल लेता था। इसके बाद ट्रक चालक से साठगांठ करके डीजल का पेट्रोल पंप पर भुगतान करके उनसे नकद ले लेता था। कई लोगों के डेबिट कार्ड की लिमिट तय नहीं होती वहीं, तमाम कार्ड वाई-फाई से लैस होते हैं। उनके लिए पिन नहीं डालना पड़ता। ऐसे कार्ड का मनमाने तरीके से इस्तेमाल करता था।
उसने झांसी समेत प्रयागराज, मिर्जापुर, बनारस आदि जगहों से डेबिट कार्ड उड़ाने की बात स्वीकार की। थाना प्रभारी आनंद सिंह के मुताबिक रवि को कुछ माह पहले प्रयागराज में गिरफ्तार भी किया गया था। लिखा-पढ़ी के बाद आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया, जबकि आशीष की तलाश की जा रही है।