झांसी में सेना से रिटायर्ड लांस नायक के इकलौते पुत्र की आवास विकास कॉलोनी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह तीनों एक लोडिंग गाड़ी में सवार थे। ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से यह हादसा हो गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक राजेश कौशिक लांस नायक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद परिवार संग जर्मनी अस्पताल के पास रहते हैं। उनका इकलौता पुत्र आकाश कौशिक (27) होर्डिंग लगाने का काम करता था।
बुधवार रात वह अपने साथी हर्षित रायकवार (29) एवं कैलाश (41) के साथ एक स्थान पर होर्डिंग लगवाने निकला था। पूरी रात यह लोग सीपरी बाजार इलाके में काम करते रहे। भोर में करीब पौने पांच बजे सारा सामान लोडिंग गाड़ी में लाद कर तीनों आवास विकास कॉलोनी की ओर निकले। उनके आगे एक ट्रक चल रहा था।
जैसे ही आवास विकास चौराहे के पास पहुंचे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। लोडिंग की रफ्तार भी तेज थी इससे चालक उसे संभाल नहीं सका और पीछे से ट्रक के अंदर जा घुसा। ड्राइवर के बगल में आकाश बैठा था जबकि हर्षित पीछे बैठा था।
हादसे में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पहुंची सीपरी बाजार पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया जबकि दोनों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर जेपी पाल के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।