झांसी। महानगर में धीमी गति से चल रहे स्मार्ट सिटी के कामों ने रफ्तार पकड़ ली। एक साथ कई परियोजनाओं पर काम शुरू होने से झांसी की रैंकिंग में उछाल आया है। झांसी को प्रदेश में तीन और देश में 15 पायदान की सफलता मिली है।
शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी की गई अगस्त और सितंबर की रैंकिंग में झांसी को प्रदेश में तीसरा और देश में 29वां स्थान मिला है। जबकि अप्रैल में जारी की गई रैंकिंग में झांसी प्रदेश में छठवें स्थान और देश में 44वें स्थान पर था।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना स्मार्ट सिटी मिशन में झांसी को 23 जून 2017 को चुना गया था। मिशन के तहत महानगर में करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से 63 परियोजनाओं पर काम करने की योजना बनाई गई थी। मगर शुरुआती तीन वर्षों में मिशन के तहत महानगर में केवल 67 करोड़ रुपये के ही काम कराए जा सके। कामों की रफ्तार धीमी होने से झांसी स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में भी पिछड़ता रहा।
पहली रैंकिंग में झांसी 83वें, दूसरी में 55वें स्थान पर रहा। इस पर शासन ने नाराजगी जाहिर की तो 2020 से कामों ने रफ्तार पकड़ी। इसके बाद तेजी से 927.73 करोड़ रुपये के काम कराए गए। कामों ने रफ्तार पकड़ी तो रैंकिंग में भी इजाफा हुआ। पिछले साल झांसी देश में 44वें और प्रदेश में छठवें स्थान पर पहुंच गया था। वहीं, झांसी को आगे बढ़ाने के लिए अधूरे पड़े प्रोजेक्ट पर अधिकारियों ने फोकस करते हुए फिर से तेजी दिखाई। इसमें आतियां तालाब और लक्ष्मीताल के काम शुरू होने का स्मार्ट सिटी को फायदा मिला।
प्रदेश में पहले स्थान पर आगरा और दूसरे स्थान पर वाराणसी काबिज है। अफसरों का कहना है कि कई कार्य साल के अंत तक पूरे हो जाएंगे। इससे रैंकिंग मेें झांसी आगे बढ़ेगा।
-------------
यह काम हुए पूरे
- इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट
- 40 पार्कों में ओपन जिम
- स्मार्ट क्लास का निर्माण
- एसी बैडमिंटन कोर्ट
- इलेक्ट्रिक बस संचालन
- सोलर ट्री
- स्मार्ट वेंडिंग जोन
- इलेक्ट्रिक कार संचालन
- हाफ ऑन हाफ ऑफ बसों का संचालन
- पानी वाली धर्मशाला का सुंदरीकरण
- पिंक टॉयलेट का निर्माण और संचालन
- वाटर एटीएम
-------------
यह काम चल रहे
- किले के पास सौंदर्यीकरण का काम
- आतिया तालाब का सौंदर्यीकरण
- लक्ष्मीताल का सौंदर्यीकरण
- योगा शेड का निर्माण
-नगर निगम में मल्टीलेवल पार्क़िंग का निर्माण
-इन्क्यूबेशन सेंटर का निर्माण
झांसी स्मार्ट सिटी के तहत विकास कार्य लगातार चल रहे हैं। झांसी प्रदेश में तीसरे और देश में 29वें स्थान पर रहा है। जल्द ही कई काम पूरे होने वाले हैं। - मो. कमर, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी मिशन