झांसी। महानगर को पेयजल आपूर्ति के लिए माताटीला बांध से डाली जा रही पानी की पाइप लाइन का काम अब सेना की सहमति मिलने के बाद रफ्तार पकड़ेगा। इससे ढाई किलोमीटर क्षेत्र में पाइप लाइन डालने का काम होगा।
माताटीला बांध का पानी महानगरवासियों की प्यास बुझाने के काम आएगा। इसकी पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। माताटीला बांध से बबीना तक के 25 किलोमीटर क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन डाली जा चुकी है। बबीना से महानगर के लिए 27 किलोमीटर क्षेत्र में पाइप लाइन डाली जा रही है। यह काम अलग-अलग स्थानों पर चल रहा है। हंसारी से इलाहाबाद बैंक चौराहा के बीच में सेना की जमीन होने के कारण करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में काम रुका हुआ है। इसके लिए जल निगम की निर्माण इकाई ने सेना को अनुमति देने के लिए पत्र लिखा था, ताकि पाइप लाइन डालने के लिए खुदाई की जा सके। जल निगम की निर्माण इकाई ने सेना के भोपाल कार्यालय को लिखे पत्र के क्रम में वहां से छह जुलाई को अनुमति दे दी गई है।
काम की रफ्तार तेज होगी
अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब काम की रफ्तार तेज हो जाएगी। एक तो कोरोना का असर दूसरे अनापत्ति नहीं मिलने के कारण पाइप लाइन बिछाने के काम में रुकावट आ गई थी। अब अनुमति मिल जाने के बाद काम रफ्तार पकड़ेगा।
पाइप लाइन डालने का काम फिर तेजी से शुरू किया जाएगा। सेना की अनुमति मिलने के बाद पाइप लाइन को हंसारी से इलाहाबाद बैंक चौराहा तक डाला जाएगा।
- हिमांशु नेगी, परियोजना प्रबंधक
उत्तर प्रदेश जल निगम निर्माण इकाई, झांसी