झांसी। रमजान के मद्देनजर मुस्लिम बहुल इलाकों के बाजार गुलजार हो उठे हैं। जगह-जगह फैनी के ढेर दिखाई दे रहे हैं, तो पिंड खजूर भी अपना जलवा बिखेर रहे हैं।
मंगलवार से रोजे का एलान होने पर सोमवार की देर रात तक दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही।
सैंयर गेट बाहर मरकजी मस्जिद हो या शहर की बिसाती बाजार मस्जिद, नगर की सभी मस्जिदों व मुस्लिम बहुल इलाकों में रमजान की खासी रौनक दिखाई दे रही है। दूध फैनी, सेंवई, डबल रोटी, ब्रेड और पिंड खजूर की दुकानें ग्राहकों के इंतजार में सज गई हैं। सोमवार की शाम रमजान का एलान होते ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ भी खूब उमड़ी। इस बार बाजारों में अरब से आए पिंड खजूर व लखनऊ की सुर्ख भूरे रंग की फैनी छाई हुई है।
विक्रेता एजाज ने बताया कि लखनऊ की सुर्ख भूरे रंग की फैनी लोगों को खूब पसंद आ रही है। इसमें दूध कम लगता है तथा वजन में बेहद हल्की होती है। हालांकि, स्थानीय सफेद व हल्के भूरे रंग की फैनी की मांग भी कम नहीं है। यहां लखनऊ की फैनी के मुकाबले ज्यादा ताजी होती है। एक अन्य विक्रेता हुजेफा अंसारी ने बताया कि इस बार अरब की कंपनियों से पैकेटों में पिंड खजूर आए हैं। आठ सौ ग्राम खजूर की कीमत 190 रुपये है। यह लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।