झांसी। जनपद में नए स्कूल खोले जाने के लिए मान्यता के आवेदन शिक्षा विभाग में आना शुरू हो गए हैं। विभाग से मिली सूचना के अनुसार अब तक 28 आवेदन आए हैं। वहीं कोरोना के कारण पिछले सत्र में सिर्फ 14 ही आवेदन आए थे।
वर्तमान में जिले में लगभग 900 प्राइवेट स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इस सत्र में नए स्कूल की मान्यता के लिए लगभग 28 आवेदन विभाग को मिल चुके हैं। जिसमें से 16 मान्यता प्रकरण को निस्तारित किया जा चुका है। इनमें 15 मान्यता के आवेदन विभाग द्वारा अब तक स्वीकृत किए जा चुके हैं।
विभाग से मिली जानकारी से अनुसार कोरोना काल के कारण नए स्कूल की मान्यता के लिए आने वाले आवेदनों में कमी आई है। कोरोना काल से पहले यही मान्यता के आवेदन विभाग के पास लगभग 35-40 आया करते थे। जबकि पिछले दो सालों में यह आंकड़ा गिरा है। सत्र 2020-21 में मान्यता के आवेदन की संख्या 21 थी, जिसमें से 14 के आवेदन स्वीकृत किए गए।
नए स्कूलों की मान्यता के लिए आए 28 आवेदनों में से 16 निस्तारित हुए थे, लेकिन सिर्फ इनमें 15 को ही स्वीकृति मिली है। अभी एक मामला बाकी है। वहीं दूसरी ओर अब तक 12 आवेदन लंबित हैं। जिसमें से 4 आवेदन बीएसए कार्यालय में, 3 एडीबेसिक कार्यालय में और 5 खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से लंबित हैं।
पिछले दिनाें अधिकारियों में हुए फेरबदल के कारण, मान्यता के मामले निस्तारित करने वाली कमेटी में भी बदलाव हुआ है। जिसके कारण आवेदन लंबित है। वहीं एक ओर परिषदीय स्कूलों में नामांकन पिछले दो सालों में काफी बढ़ गया है। कोरोना काल में बेरोजगारी के बढ़े आलम के बाद परिषदीय स्कूलों में बच्चे अन्य सत्र की अपेक्षा बढे़ थे। यही नहीं नौकरी के लिए पलायन कर गए लोग भी घरों को लौटे हैं, जिसका प्रभाव भी परिषदीय स्कूल के नामांकन पर पड़ा है।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षा स्तर में सुधार किया जा रहा है। वहीं नई मान्यता के आवेदनों को भी जांचा जा रहा है, जल्द ही सभी निस्तारित किए जाएंगे। - नीलम यादव, बीएसए