अपूर्वी को चाइल्ड लाइन की टीम को सौंपती डॉक्टरो की टीम।
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के न्यू बॉर्न सिक केयर यूनिट (एसएनसीयू) में दो महीने तक भर्ती रहने के बाद बृहस्पतिवार को अपूर्वी शिशु विहार पहुंच गई। कॉलेज के अधिकारियों ने अपूर्वी को चाइल्ड लाइन की टीम को सौंपा। इस दौरान मेडिकल कॉलेज का स्टाफ भावुक भी हो गया।
बीते 16 दिसंबर 2019 की रात महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सामने गली में लावारिस अवस्था में नवजात बच्ची फेंकी गई थी। बच्ची का एक हाथ कुत्तों ने नोच खाया था। बेहद गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था। लंबे समय तक इलाज चलने के बाद अपूर्वी अब पूरी तरह स्वस्थ हो गई है। मेडिकल कॉलेज की तरफ से कारा संस्था को अपूर्वी को ले जाने के लिए पत्र लिखा गया था।
बृहस्पतिवार को चाइल्ड लाइन की दो सदस्यीय टीम उसे लेने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंची। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीशचंद्र आर्या और बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया के उपस्थिति में बच्ची को सुपुर्द किया गया। इसके बाद अपूर्वी को शिशु विहार ले जाया गया। बच्ची के एसएनसीयू से निकलने पर स्टाफ भावुक हो गया। सभी ने अपूर्वी के खुशहाल जीवन की कामना की। डॉ. ओमशंकर ने बताया कि अपूर्वी के इलाज में सभी रेजिटेंड, कर्मचारी और ऑर्थोपेडिक व प्लास्टिक सर्जरी विभाग का भी विशेष सहयोग रहा।
25 को होगा अपूर्वी का आशीषोत्सव
अमर उजाला की ओर से 25 फरवरी को हम सबकी लाडो अपूर्वी का आशीषोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को ठीक दोपहर 12 बजे से गायत्री शक्ति पीठ पर अपूर्वी के आशीषोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत हो जाएगी। इसमें महानगर के लोग बच्ची को आशीर्वाद प्रदान करें। फिर देर किस बात की है, आप भी हो जाइये तैयार, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देने वाले इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए।