मेडिकल कॉलेज में भर्ती मासूम बच्ची अपूर्वी को दूध पिलाता स्टाफ।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती ‘अपूर्वी’ की सेहत में अब काफी सुधार हो गया है। वह हाई रिस्क जोन से बाहर आ गई है। सांस लेने में किसी भी तरह की समस्या नहीं आने पर उसे ऑक्सीजन से हटा दिया गया है। अब वह दूध भी अच्छे से पीने लगी है।
बीते 16 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक के सामने वाली गली में कूड़ेदान के पास फेंक दी गई बिटिया ‘अपूर्वी’ अब हाई रिस्क जोन से बाहर आ गई है। कॉलेज के सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट में डॉक्टर लगातार उसकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया ने बताया कि ‘अपूर्वी’ को ऑक्सीजन से हटा दिया गया है। इसके अलावा ‘अपूर्वी’ की डाइट भी बढ़ गई है। उसे पिलाए जाने वाले दूध की मात्रा भी डॉक्टरों ने बढ़ा दी है। लगातार उसकी सेहत में सुधार हो रहा है। हालांकि, संक्रमण के कारण उसे एंटीबायोटिक दी जा रही है।