दुनिया को धोखा दे सकते हैं पर भगवान को नहीं: देवकी नंदन
झांसी। भागवत कथा व्यास देवकी नंदन ठाकुर महाराज ने कहा कि भगवान भक्त और मित्र के सच्चे हितकारी हैं। विश्व शांति सेवा समिति की ओर से क्राफ्ट मेला मैदान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा को सुनाते हुए महाराज ने कहा कि व्यक्ति दुनिया को धोखा दे सकता है लेकिन वह भगवान को धोखा नहीं दे सकता है।
कथा व्यास ने सुदामा चरित्र और परीक्षित मोह प्रसंग पर प्रवचन देते हुए कहा कि विपत्ति में ही पता चलता है कि सच्चा मित्र कौन है। मित्र भाई के जैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संसार का सर्वोच्च पद मिलना अथवा इंद्रासन मिलना ही सुख नहीं है। संसार का सबसे सच्चा सुख है भगवान की निर्मल भक्ति करना, जो जीवन में हमेशा काम आती है। संकट दूर करती है। कथा व्यास ने प्रवचन अवसर पर भजन अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो, मिलने सुदामा करीब आ गया है.... को मोहकता से सुनाया।
इस अवसर पर गुजरात से आए सांसद दीप सिंह राठौड़ ने कहा कि धर्म ही देश के लिए जीना सिखाता है। इस अवसर पर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, समिति अध्यक्ष अनिल सुडेले, अखिलेश तिवारी, रजनी, शशि, बंटू मिश्रा, विनोद सोनी, गीता, हरीओम थापक, संतोष दीक्षित, डिंपल अग्रवाल, रामबाबू यादव, रविकांत दुबे, राजेंद्र साहू, डा. अशोक दीक्षित, शशिकांत द्विवेदी, राम आसरे गुप्ता, रानू देवलिया, जुगल किशोर शिवहरे, हरीश हसानी, रमाशंकर गुप्ता, जगदीश साहू, विवेक पाठक, भुवनेश कुशवाहा, एके सोनी आदि मौजूद रहे। संचालन सियाराम शरण चतुर्वेदी ने किया।